केकडी।

न्यायालय परिसर में पार्किंग की व्यवस्था बिगड़ने से अधिवक्ता समुदाय और उपखंड अधिकारी के बीच टकराव की स्थिति बन गई है तथा अधिवक्ताओं ने बुधवार को उपखंड अधिकारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है तथा उपखंड अधिकारी पर पार्किंग की भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री के नाम पत्र भेजकर कार्यवाही की मांग की है। साथ ही मामले को लेकर अधिवक्ताओ ने हाईकोर्ट में भी उपखण्ड अधिकारी की शिकायत की है तथा बताया है कि उपखण्ड अधिकारी की गैरजिम्मदाराना रवैये से बार और बैंच के बीच तनाव की स्थिति बन रही है, तत्काल प्रभाव से उपखण्ड अधिकारी सुभाष चन्द हेमानी को केकडी से हटाया जाना आवश्यक है। बार एसोसिएशन केकड़ी के अध्यक्ष मनोज आहूजा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने उपखंड अधिकारी आवास के बार एकत्रित होते हुए उपखंड अधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा अवैध अतिक्रमण को तुरंत हटाने की मांग की। इस दौरान अधिवक्ताओ ने उपखण्ड अधिकारी सुभाषचन्द्र हेमानी का घेराव भी किया। अधिवक्ताओ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व हाईकोर्ट में दी शिकायत में बताया कि केकडी न्यायालय परिसर में पांच न्यायालयो के साथ उपखण्ड न्यायालय भी संचालित है तथा 200 अधिवक्ता केकडी में पैरवी करते है। अधिवक्ताओ ने बताया कि उपखण्ड अधिकारी का निवास भी न्यायालय परिसर में ही स्थित है जिसके पास ही एक बीघा जमीन न्यायालय की बसावट के समय से ही पार्किंग के लिए आरक्षित थी, गत वर्ष तत्कालीन उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली ने अपने छोटे बच्चो की सुरक्षा का हवाला देते हुए पार्किंग की जगह पर दीवार बनवा दी थी तथा गेट लगा दिया था तब अधिवक्ताओ ने विरोध किया तो उपखण्ड अधिकारी पंचोली ने अधिवक्ताओ को गेट खोलकर पार्किंग का उपयोग करने की सहमति दी थी तब से अधिवक्ता अपने वाहन गेट खोलकर पार्क कर रहे हैं।हाल ही में मुंसिफ कोर्ट के बाहर पडी खाली भूमि पर अभियोजन कार्यालय के भवन निर्माण हो रहा है जिससे न्यायालय में पार्किंग की व्यवस्था चौपट हो गयी है तथा उपखण्ड अधिकारी ने अधिवक्ताओं को अपने वाहन पार्किंग करने से मना कर दिया है जिससे आये दिन पक्षकारो व अधिवक्ताओ के बीच टकराव की स्थित बन रही है।उन्होंने बताया कि उपखण्ड अधिकारी सुभाष हेमानी ने पार्किंग के लिए आरक्षित जमीन पर लगे गेट के ताले नहीं खोलने से अधिवक्ता अपने वाहन पार्क करने में परेशान हो रहे है। अधिवक्ताओ ने बताया कि उपखण्ड अधिकारी सुभाषचन्द्र हेमानी ने अवैध रूप से पार्किंग के लिए आरक्षित जमीन पर अतिक्रमण कर रखा है जबकि उपखण्ड अधिकारी के बंगले के अन्दर ही आधा बीघा जमीन है बावजूद इसके एसडीएम सुभाष चन्द्र हेमानी द्वारा अधिवक्ताओ को परेशान किया जा रहा है। अधिवक्ताओ ने वाहन पार्किंग को लेकर बार और बैंच के मध्य भी दरार पडने की सम्भावना है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज आहूजा ने बताया कि इस मामले को लेकर बार एसोसिएशन ने हाईकोर्ट में भी उपखण्ड अधिकारी सुभाषचन्द्र हेमानी की शिकायत की है तथा बताया कि उपखण्ड अधिकारी के रवैये के कारण बार और बैंच के मध्य भी दरार पडने सम्भावना बढ गयी है इसलिए ऐसे अधिकारी तुरन्त प्रभाव से केकडी से हटाया जाना चाहिए।