**केकड़ी जिला समाप्ति की चर्चाएं चरम पर**  

**पहले वित्तीय पावर छीने, अब एसपी का अतिरिक्त कार्यभार अजमेर एसपी को देकर सरकार ने जिला समाप्ति की ओर बढ़ाया कदम**  जज

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के चार जिलों को समाप्त करने के बयान अभी ठंडे बस्ते में भी नहीं डाले गए थे कि राज्य सरकार द्वारा जारी आईपीएस तबादला सूची में कथित चार जिलों में नियुक्त पुलिस अधीक्षकों को स्थानांतरित करके उनके कार्यभार को मूल जिले के पुलिस अधीक्षकों को दे दिया गया। इस सूची के बाद केकड़ी में जिला समाप्ति की चर्चाएं चरम पर पहुंच चुकी हैं। आमजन अपने-अपने तरीके से इस सूची का विश्लेषण करते हुए हर चौराहे और चाय की दुकानों पर चर्चा करते नजर आ रहे हैं। चर्चा का मुख्य मुद्दा यह है कि सरकार ने एसपी को हटाकर 50 प्रतिशत काम तो कर ही दिया है। पहले वित्तीय अधिकार छीने, अब पदों में कटौती कर दी है, जिससे यह प्रतीत होता है कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बयानों पर राज्य सरकार भी मुहर लगा रही है।  

जिला बचाओ अभियान

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ के बयान के बाद केकड़ी जिला बचाओ अभियान ने हस्ताक्षर अभियान चलाया और 18 सितम्बर को सर्व समाज प्रतिनिधियों ने आक्रोश रैली निकालकर मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम केकड़ी जिले को यथावत रखने का ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा।  

संसाधनों की कमी का रोना

पूर्व आईएएस रामलुभाया की रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस सरकार द्वारा जिले बनाए गए थे। जाहिर है, रामलुभाया कमेटी ने जिले के लिए निर्धारित मापदंडों का पहले निरीक्षण किया होगा, फिर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपी होगी। अब सरकार संसाधनों की कमी का हवाला देकर जिले समाप्त करने पर तुली हुई है।  

अरोड़ा के जी का जंजाल बने नए जिले*

नए जिलों के लिए वित्त विभाग द्वारा स्वीकृति जारी की गई थी, जो तत्कालीन वित्त सचिव अखिल अरोड़ा द्वारा जारी की गई थी। अब जिले समाप्ति के लिए भी वित्त विभाग की अनुशंसा लेनी होगी, जिससे अरोड़ा के लिए भी जिले एक जंजाल बन चुके हैं।  

रघु शर्मा की याद

केकड़ी जिला पूर्व चिकित्सा मंत्री विधायक डॉ. रघु शर्मा के कार्यकाल में अस्तित्व में आया था। जब से जिला समाप्ति की चर्चाओं ने जोर पकड़ा है, केकड़ी के लोगों को डॉ. रघु शर्मा की याद आने लगी है। आमजन उम्मीद कर रहे हैं कि डॉ. रघु शर्मा, जिला बचाओ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं और इस जिले के अस्तित्व को बचाने का प्रयास करें।

मालपुरा जिला बनने की संभावना

सूत्रों के अनुसार, चार विधानसभाओं को मिलाकर मालपुरा जिला बनाए जाने की संभावना प्रबल है। मालपुरा के विधायक और कैबिनेट मंत्री कन्हैया चौधरी की यह राजनीतिक इच्छा है। उनका मानना है कि मालपुरा हर मानक पर खरा उतरता है और यहां एसपी की नियुक्ति आवश्यक है। मालपुरा में टोडा, दूदू, फागी और केकड़ी को मिलाकर नया जिला बनाया जा सकता है।

केकड़ी की जनता की राय

केकड़ी जिला बनने से पिछले एक वर्ष में प्रशासनिक कार्यों में सुधार हुआ है और आमजन को काफी राहत मिली है। यदि सरकार केकड़ी जिले को समाप्त करती है तो यह जनता को स्वीकार्य नहीं होगा और इसके लिए जन आंदोलन भी किया जा सकता है।  

हेमंत जैन, नगर कांग्रेस अध्यक्ष-केकड़ी


"केकड़ी जिले को समाप्त करना जनता के साथ खिलवाड़ होगा। राज्य सरकार को आमजन की भावना का सम्मान करते हुए केकड़ी जिले को यथावत रखना चाहिए।"  

राजेंद्र विनायका, पूर्व भाजपा विधानसभा प्रत्याशी-केकड़ी