अजमेरखाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा की अध्यक्षता में बुधवार को अजमेर कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में केकड़ी क्षेत्र पर 4 हजार अपात्र लाभार्थियों के नाम हटाने का लक्ष्य तय किया गया है। मंत्री गोदारा ने कहा कि “गिव अप अभियान” मुख्यमंत्री के निर्देशों पर चलाया जा रहा है ताकि सक्षम लोग योजना का लाभ छोड़कर वंचितों को उनका अधिकार दिला सकें। इस अभियान में अब तक प्रदेशभर में 20 लाख 71 हजार लोगों ने स्वेच्छा से लाभ छोड़ा है जिससे राज्य को 378 करोड़ रुपये की बचत हो रही है।

उन्होंने कहा कि अजमेर-ब्यावर क्षेत्र से 76 हजार लोगों ने लाभ छोड़ा है और अब यह संख्या बढ़ाकर 1.25 लाख की जाएगी। केकड़ी में 4 हजार अपात्र नाम हटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना में जोड़ा जा सके।मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को जनआंदोलन बनाया जाए, प्रत्येक शुक्रवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक हो और निरीक्षकों को रोजाना एक-एक दुकान का निरीक्षण अनिवार्य रूप से करना होगा।

बैठक में यह भी बताया गया कि खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना और दुर्घटना बीमा योजना का लाभ एक साथ दिया जा रहा है।

बैठक में अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल, ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत, नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा, केकड़ी प्रधान होनहार सिंह, जिला कलेक्टर लोक बंधु, अतिरिक्त खाद्य आयुक्त पूनम सागर, प्रशिक्षु आईएएस डॉ. नेहा राजपूत, पीएसओ शैलेष सुराणा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 31 अगस्त तक क्षेत्रवार अपात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर उन्हें हटाया जाए जिससे पात्र वंचितों को योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया जा सके।