*अधिकारियों ने किया एक साथ विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण, अच्छी व्यवस्थाओं के दिए निर्देश*

अजमेर 24 मई। जिले में गर्मी के दौरान की गई व्यवस्थाओं का अभियान चलाकर आकस्मिक निरीक्षण करने के लिए जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु द्वारा निर्देश प्रदान किए गए। इन निर्देशों की पालना में जिले भर में अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्रों अन्नपूर्णा रसोई तथा गौशालाओं के आकस्मिक निरीक्षण किए। 

जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि सरकार द्वारा गर्मी के अनुरूप चिकित्सालयों एवं गौशालाओं में विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं। इन व्यवस्थाओं की जांच के लिए जिले के समस्त अधिकारियों के द्वारा अभियान चलाकर स्वास्थ्य केंद्रों, गौशालाओं एवं अन्नपूर्णा रसोइयों की सघनता से आकस्मिक जांच की गई। इस दौरान राज्य सरकार के द्वारा निर्धारित मानदंडों के अनुसार व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। गर्मी जनित बीमारियों के लिए अलग से पलंग आरक्षित रखे हुए पाए गए। गौशालाओं में भी पानी तथा चारे की पर्याप्त व्यवस्थाएं पाई गई। 

उन्होंने बताया कि जिले के समस्त उपखंड एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों ने निरीक्षण किए। उपखंड अधिकारियों तथा तहसीलदारों के द्वारा निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं की जांच की गई। झाग रूपनगढ़, नारेली, पीसांगन, भटोलाव, देवलिया कलां, भामोलाव, बांदनवाड़ा, केकड़ी तथा जैनिया रानी गौशाला बाजटा सावर का निरीक्षण कर पशुओं के लिए उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया। पशुओं के लिए पर्याप्त पानी तथा चारा हमेशा उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। 

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा मरीज को दिए जा रहे उपचार के साथ-साथ वार्ड में भर्ती मरीजों के साथ भी चर्चा की गई। जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोराड़ा, फतेहगढ़, जूनिया, बघेरा, कादेड़ा, पुष्कर, बांदनवाड़ा और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहरी किशनगढ़, गोयला, जोताया, शोकलिया, कवास, मेरू कलां, नांद, माकड़वाली, मदारपुरा, करकेड़ी, सिंगावल, देवलिया कलां, न्यारा, बाघसूरी, ब्रिक्चियावास, मांगलियावास, कालेड़ा कंवर जी तथा घटियाली का निरीक्षण किया गया। 

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार अन्नपूर्णा रसोई सरवाड़ बस स्टैंड केकड़ी, बांदनवाड़ा तथा ब्रिक्चियावास का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी गई। निर्धारित मात्रा तथा मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध करवाने के लिए कहा गया। अन्नपूर्णा रसोई के लाभार्थियों के साथ भी वार्तालाप कर भोजन की गुणवत्ता को जांचा गया। अन्नपूर्णा रसोई परिसर में साफ सफाई का अवलोकन हुआ।