केकड़ी, 25 सितंबर 2024- पटेल आदर्श विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में आज स्वदेशी जागरण सप्ताह का शुभारंभ किया गया। प्रधानाचार्य रामेश्वर चौहान ने बताया कि स्वदेशी जागरण सप्ताह का उद्घाटन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। यह सप्ताह 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मनाया जाएगा जिसमें विद्यालय स्तर पर निबंध प्रतियोगिता,स्वदेशी वस्तुओं के नाम लिखो प्रतियोगिता, पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जाएगा। प्रधानाचार्य ने अपने उद्बोधन में बताया की सभी विद्यार्थियों को स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करना चाहिए जिससे हमारे देश की अर्थव्यवस्था का स्तर उच्च होता है।


कार्यक्रम की शिक्षिका सोनू साहू ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन परिचय के बारे में बताया।उनका पूरा जीवन अभाव में बीता था। 4 वर्ष की आयु में उनके माता-पिता का देहांत हो गया था।इन्होंने आजीवन ब्रह्मचारी व्रत का पालन किया था। ये मानवतावाद के समर्थक थे तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से अत्यधिक प्रभावित थे और उसके कार्यकर्ता थे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने सभी से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने तथा विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करने का आग्रह किया। सरकार द्वारा उनके नाम पर अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र ललित वैष्णव, तुषार चौधरी, छात्राएं वेदिका शर्मा,नेहा कुमावत ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर विचार प्रकट किए। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका गीता प्रजापति ने किया।