केकड़ी। शहर के मुख्य बाजार में प्रशासन की अनदेखी के बीच बेखौफ होकर अवैध निर्माण कार्य धड़ल्ले से चल रहा है। नगर परिषद की स्वीकृति के बिना ही शहर के हृदयस्थल घंटाघर के पास बहुमंजिला भवन का निर्माण किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार निर्माण कार्य के लिए नगर परिषद में फाइल जमा की गई है, लेकिन अभी तक स्वीकृति नहीं मिली है। नियमों के मुताबिक सड़क की चौड़ाई के आधार पर यहां केवल G+2 मंजिल तक की ही अनुमति दी जा सकती है, जबकि यहां 5 मंजिलों का निर्माण कार्य जोरों पर है।प्रशासन की चुप्पी पर सवाल बड़ा सवाल यह है कि नगर परिषद की अनुमति न होने के बावजूद यह निर्माण कार्य कैसे जारी है? क्या प्रशासन इसे रोकने में सक्षम नहीं है या जानबूझकर अनदेखी की जा रही है?  नगर परिषद प्रशासन तुरंत इस अवैध निर्माण पर कार्रवाई करे और सुनिश्चित करे कि नियमों के अनुसार ही निर्माण कार्य किया जाए। यदि ऐसा नहीं किया गया तो यह अन्य अवैध निर्माण कार्यों को भी बढ़ावा दे सकता है।

निगरानी और कार्रवाई जरूरी

केकड़ी जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में प्रशासन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। यदि नियमों की अनदेखी की जाती रही तो इससे न केवल शहर की सुंदरता और संरचना प्रभावित होगी बल्कि भविष्य में यातायात और सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी बढ़ेंगी। नगर परिषद की ओर से अब तक इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मुद्दे पर जल्द ही कार्रवाई करेंगे।