केकड़ी, 30 सितंबर 2024। सरवाड़ के निकटवर्ती ग्राम में एक विवाहिता के साथ जबरन दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने भिनाय पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है जिसमें उसने आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने और उसके परिवार को लगातार धमकाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई न होने पर असंतोष भी जाहिर किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 29 सितंबर 2024 को भिनाय पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट के मुताबिक ग्राम बड़गांव सुरखण्ड निवासी बलवीर पुत्र गोपाल गुर्जर ने पीड़िता को उसके पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। दस दिन पहले जब पीड़िता के पति को इस घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने आरोपी से इसका विरोध किया। इस पर बलवीर ने पीड़िता के पति के साथ गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी। 

29 सितंबर 2024 को सुबह करीब 8:30 बजे, पीड़िता का पति ससुर और अन्य परिजन आरोपी बलवीर गुर्जर से बात करने गए। इस दौरान आरोपी बलवीर गुर्जर गोपाल गुर्जर और धन्ना गुर्जर ने लाठी-डंडों से पीड़िता के परिजनों पर हमला कर दिया। आरोपी ने हॉकी स्टिक से पीड़िता के ससुर के सिर पर प्रहार किया। जिससे वे बेहोश हो गए। आरोपियों ने उन्हें मरा हुआ समझकर वहां से भागने की कोशिश की। घायल ससुर को भिनाय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर किया गया। पीड़िता ने बताया कि छह वर्ष पूर्व आरोपी बलवीर गुर्जर ने रात्रि के समय उसके घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म किया था और उसकी फोटो खींची थी। इसके बाद से ही आरोपी लगातार पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर उसका शोषण करता रहा। अंततः पीड़िता ने अपने पति को सारी बात बताई और शिकायत दर्ज कराई।पीड़िता ने पुलिस से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और न्याय की मांग की है।