केकड़ी। पंचायत समिति केकड़ी के तत्वावधान में ग्राम पंचायत मोलकिया में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान नरेगा कार्यस्थल पर श्रमिकों एवं ग्रामीणों को योजना के उद्देश्यों और लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई।

विकास अधिकारी श्रीमती दिशी शर्मा ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि इस मिशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को रोजगार की गारंटी के साथ उनकी आजीविका को स्थायी एवं समृद्ध बनाना है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत रोजगार के दिनों में वृद्धि तथा समयबद्ध भुगतान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में कनिष्ठ सहायक हिमांशु शर्मा एवं कनिष्ठ तकनीकी सहायक दीनदयाल कीर द्वारा योजना से संबंधित पम्पलेट एवं अन्य प्रचार सामग्री वितरित की गई। टीम ने ग्रामीणों को बताया कि किस प्रकार इस मिशन से जुड़कर वे अपने कौशल का विकास कर सकते हैं और सरकारी सुविधाओं का सीधा लाभ ले सकते हैं। इस अवसर पर सरपंच पप्पू जी गुर्जर ने ग्रामीणों से अधिकाधिक संख्या में योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया। वहीं पंचायत के कनिष्ठ सहायक सुरेश कुमार लौहार ने पंजीकरण एवं तकनीकी प्रक्रियाओं से जुड़ी शंकाओं का समाधान किया।

इसके पश्चात विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत सलारी एवं खवास का दौरा कर एसडीआरएफ के अंतर्गत स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों के मरम्मत कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री एवं कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए ठेकेदार को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने तथा कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च मानकों के साथ पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।