केकड़ी 26 सितंबर 2024- केकड़ी जिला बार एसोसिएशन ने केकड़ी को जिला बनाए रखने की मांग को लेकर न्यायिक कार्य का बहिष्कार करते हुए सम्पूर्ण न्यायिक कार्य स्थगित रखने का निर्णय लिया है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राम अवतार मीणा ने बताया कि वर्तमान में केकड़ी जिला प्रशासनिक दृष्टि से पूर्णतया कार्यरत है और राज्य में नए जिलों की घोषणा के बाद से यह सबसे अग्रणी जिलों में से एक है। मीणा ने कहा, "केकड़ी को जिला बनाए रखना न केवल प्रशासनिक आवश्यकता है बल्कि यह क्षेत्र के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है। केकड़ी जिला अस्तित्व में है और यहां की जनता और प्रशासनिक तंत्र के बीच यह संरचना अच्छी तरह से काम कर रही है।


इस बीच, केकड़ी को जिला सूची से हटाने की खबरों के बाद अब विरोध के स्वर और तेज हो गए हैं। केकड़ी बार एसोसिएशन ने पैन डाउन हड़ताल का ऐलान किया है और कल से उपखंड कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। बार एसोसिएशन ने आंदोलन की रणनीति तैयार करने के लिए विभिन्न संगठनों का समर्थन लेने का निर्णय लिया है। बार एसोसिएशन ने कहा की अब हम कल से उपखंड कार्यालय के बाहर धरना देंगे। इसके बाद हम अन्य संगठनों का समर्थन लेकर आंदोलन की रणनीति बनाएंगे। 

बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि जिला बने रहने की यह मांग पूरी होने तक वे लगातार विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अन्य सामाजिक और व्यापारिक संगठनों से भी समर्थन की अपील की है। अन्य सामाजिक संगठनों का भी इस आंदोलन को समर्थन मिल रहा है। सभी संगठनों के साथ मिलकर बार एसोसिएशन आंदोलन की रणनीति तैयार कर रहा है, जिससे कि केकड़ी को जिला बनाए रखने की मांग को लेकर जोरदार दबाव बनाया जा सके।

जिला हटाने की आशंकाओं के बीच केकड़ी में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बार एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों को अनदेखा किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए केकड़ी को जिला यथावत रखने का निर्णय लिया जाए।