केकड़ी। 69वीं जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता (छात्रा वर्ग 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग) का उद्घाटन समारोह गुरुवार को बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन और अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गोपी लाल कीर ने की।


मुख्य अतिथि पद से बोलते हुए रितेश जैन ने कहा कि जीवन में खेलों का अत्यंत महत्व है। खेल स्वास्थ्य के साथ संपूर्ण व्यक्तित्व के विकास में सहायक होते हैं। अध्यक्षता कर रहे गोपी लाल कीर ने कहा कि खो-खो भारतीय संस्कृति से जुड़ा प्राचीन खेल है, जो आज भी गर्व और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल की भावना से खेलने और हार-जीत को जीवन का हिस्सा मानने की प्रेरणा दी।

संस्था प्रधान हेमन पाठक ने स्वागत उद्बोधन देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में 17 वर्ष वर्ग की 19 और 19 वर्ष वर्ग की 22, कुल 41 टीमें भाग ले रही हैं। इन टीमों की कुल संख्या 492 छात्रा खिलाड़ियों तक पहुंची है। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी एवं रेड क्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष रामगोपाल सैनी रहे, जिन्होंने भामाशाहों के सहयोग से खिलाड़ियों के भोजन, नाश्ते व आवागमन की निशुल्क व्यवस्था की घोषणा की। वहीं प्रतियोगिता के पुरस्कार और ट्रॉफी की व्यवस्था स्थानीय स्टाफ द्वारा सुनिश्चित की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई। अतिथियों का स्वागत माल्यार्पण, साफा व शॉल ओढ़ाकर किया गया और स्मृति चिन्ह स्वरूप पौधा भेंट किया गया। स्थानीय विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान उप जिला शिक्षा अधिकारी स्वराज सिंह शेखावत, तकनीकी सलाहकार सत्यनारायण जाट, चयन समिति सदस्य महेश शर्मा, कमलेश अहीर, विधायक प्रतिनिधि गीता शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, भामाशाह, शिक्षाविद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में आभार शारीरिक शिक्षक अरविंद अग्रवाल ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता हरिनारायण बिदा ने किया।