Article Image
जलझूलनी एकादशी पर राजस्थान जल महोत्सव 2024: बघेरा के वराह सागर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
केकड़ी,14 सितम्बर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जलझूलनी एकादशी के अवसर पर सम्पूर्ण प्रदेश में पूर्ण भरे हुए जलाशयों पर शनिवार को ‘‘राजस्थान जल महोत्सव 2024’
Govind Vaishnav
Chief Editor
Sep 14, 2024 • 7:31 AM IST
Share This Story
केकड़ी,14 सितम्बर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जलझूलनी एकादशी के अवसर पर सम्पूर्ण प्रदेश में पूर्ण भरे हुए जलाशयों पर शनिवार को ‘‘राजस्थान जल महोत्सव 2024’’ का आयोजन किया गया। इसी क्रम में केकड़ी में जिला स्तरीय कार्यक्रम बघेरा ग्राम के वराह सागर के किनारे घाट पर आयोजित किया गया। राजस्थान जल महोत्सव 2024 के जिला स्तरीय कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला कलक्टर श्रीमती श्वेता चौहान ने कहा कि आज के समय में जल की महत्ता को समझते हुए उसका संरक्षण करना चाहिए तथा नलों को खुला छोड़कर पानी को व्यर्थ नहीं बहाना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कलक्टर श्वेता चौहान ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना इस वर्ष प्रदेश सहित केकड़ी जिले में बारिश अच्छी होने से जल संग्रहण की स्थिति अच्छी रही है। पूर्व में जल अभाव से ग्रसित रहने वाले राजस्थान राज्य के जलस्रोत इस वर्ष जल से सराबोर हैं। इसी के मद्देनजर राज्य सरकार ने इन्द्रदेव का आभार व्यक्त करने एवं जलसंग्रहण व संरक्षण की जागरूकता हेतु ‘‘राजस्थान जल महोत्सव 2024’’ आयोजित करने का निर्णय लिया।

उन्होंने कहा कि जल के बिना जीवन मुमकिन नहीं है इसलिए जल का संरक्षण अति आवश्यक है। हम सभी को जल को दूषित होने से बचाना चाहिए। उन्होंने आमजन से जिले के सभी जलस्रोतो के आसपास साफ-सफाई रखने तथा जल को व्यर्थ न बहाने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही जिले में प्रत्येक ब्लॉक तथा प्रत्येक बांधों सहित ग्राम स्तर तक पूर्ण रूप से भरे हुए जलाशयों पर ‘‘राजस्थान जल महोत्सव 2024’’ का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस दौरान पंचायत समिति केकड़ी प्रधान होनहार सिंह राठौड़ ने भी जल की महत्ता को बताते हुए इसके दुरूपयोग से जनजीवन पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों की जानकारी दी तथा जल प्रदूषण को रोकने की अपील की।

‘‘राजस्थान जल महोत्सव 2024’’ के जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई तथा जिला कलक्टर ने वराह सागर के किनारे जल पूजन किया एवं जल संरक्षण का संकल्प लेते हुए भगवान इन्द्रदेव का प्रदेश में भरपूर मात्रा में वर्षा जल प्रदान करने के लिए आभार प्रकट किया।


कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी त्रिलोक राम दहिया द्वारा जल का संरक्षण करने, जल का विवेकपूर्ण उपयोग कर व्यर्थ नहीं बहाने तथा जल को प्रदूषित नहीं करने सहित स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान प्रधान होनहार सिंह राठौड़ , सरपंच लालाराम जाट, वीरभद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, महेंद्र पाटनी , किशन चौधरी, सुरेश चौधरी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी त्रिलोक राम दहिया, सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
Morning Digest ☀️
Get the day's biggest stories delivered to your inbox every morning at 7 AM
Related Stories
ग्रामीण अवसंरचना विकास के लिए प्रमुख नीतिगत बदलाव की घोषणा की गई
Indian Railways Announces 50 New Amrit Bharat Express Routes
N A
Smart Cities Initiative Reaches Milestone Achievement