8 नवंबर 2024 – (शिव शंकर वैष्णव)केकड़ी जिले के सरवाड़ में सरवाड़ थाना क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल चोरी की घटना का खुलासा हुआ है। प्रार्थी रवि सांखला निवासी वार्ड नंबर 6 नील गरान मोहल्ला, सरवाड़ ने अपनी मोटरसाइकिल (नंबर आरजे 48 SA 0597) के बस स्टैंड से चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद अनुसंधान का जिम्मा हेड कांस्टेबल नारायण राम को सौंपा गया। मामले की गहन जांच और संदिग्धों से पूछताछ के दौरान आरोपी सोराज (पुत्र सोहन, जाति कंजर) निवासी केरली, थाना टोडारायसिंह और मच्छर सिंह (पुत्र बाबूलाल, जाति कंजर) निवासी प्रतापपुरा, तहसील सरवाड़ को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना को स्वीकार किया।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली। इसके बाद आरोपियों को अजमेर के अवकाश कालीन मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल नारायण राम के साथ कॉन्स्टेबल राजकिरण सिंह और जितेंद्र भी शामिल थे।