केकड़ी-  सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित राजकीय देवनारायण बालिका आवासीय विद्यालय, केकड़ी में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 16 मई से प्रारंभ कर दी गई है।


विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं के लिए प्रवेश खोले गए हैं। राजस्थान के किसी भी जिले की पात्र बालिकाएं विभाग की अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से 30 जुलाई 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।प्रधानाचार्य राधेश्याम कुमावत ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में कक्षा 6 में 40 सीटें रिक्त हैं, जबकि कक्षा 10 में 15 संभावित रिक्त सीटों पर और कक्षा 11 व 12 के कला संकाय में भूगोल, इतिहास तथा हिंदी साहित्य विषयों में क्रमशः 10-10 संभावित सीटों पर वरीयता के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।


उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत विधवा, एकल महिला एवं बीपीएल श्रेणी से संबंधित परिवारों की बालिकाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। गौरतलब है कि राजस्थान सरकार की इस आवासीय योजना के अंतर्गत अध्ययनरत छात्राओं को आवास, भोजन, शिक्षण सामग्री सहित सभी सुविधाएं पूर्णतः निशुल्क प्रदान की जाती हैं।