केकड़ी। श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी, केकड़ी के संयोजन में एम.एल.डी. कॉलेज के खेल मैदान पर आयोजित 69वीं जिला स्तरीय 14 वर्ष छात्र-छात्रा तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 का समापन समारोह शनिवार को सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में चंद्रप्रकाश दुबे, सचिव, एम.एल.डी. मेमोरियल संस्थान, केकड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अविनाश दुबे ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य बृजराज शर्मा रहे। संयोजक एवं प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार पारीक ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। 


प्रतियोगिता में जिले की 11 टीमों के कुल 68 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में श्रीमती संदीप कौर, वीरेंद्र प्रताप सिंह, राजेंद्र सिंह और श्रीमती मनदीप कौर शामिल थे। छात्रा वर्ग के 40 मीटर रिकर्व राउंड में त्रिवेणी एकेडमी, गुलगांव की अंजलि रेगर ने स्वर्ण पदक, अनुष्का रेगर ने रजत पदक और श्री मिश्रीलाल दुबे बालिका उच्च माध्यमिक अकादमी, केकड़ी की प्रिया बुन्देल ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं छात्र वर्ग के 40 मीटर रिकर्व राउंड में एम.एल.डी. इंटरनेशनल एकेडमी, केकड़ी के अशोक चौधरी ने स्वर्ण, एम.एल.डी. एकेडमी के अक्षत पुरी ने रजत और श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी के राजवीर जाट ने कांस्य पदक जीतकर अपने विद्यालय का नाम रोशन किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह प्रतियोगिता युवा पीढ़ी में खेलों के प्रति बढ़ते रुझान और उनकी प्रतिभा को निखारने का एक सशक्त मंच साबित हुई।